गांधीनगर में आयोजित एशियाई सीनियर भारोत्तोलन चैंपियनशिप में आज भारत की ज्ञानेश्वरी यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक अपने नाम किए। ज्ञानेश्वरी ने महिलाओं के 53 किलोग्राम भार वर्ग के स्नैच सेक्शन में रजत पदक जीता और फिर कुल 194 किलोग्राम वजन उठाकर प्रतियोगिता में समग्र रूप से कांस्य पदक हासिल किया। इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक चीन की जिनलान झाओ ने कुल 216 किलोग्राम वजन उठाकर जीता, जबकि वियतनाम की होआ थुओंग गुयेन 195 किलोग्राम के कुल भार के साथ रजत पदक जीतने में सफल रहीं।
भारत के लिए पदकों का खाता कोमल कोहर ने सोमवार को खोला था, जब उन्होंने महिलाओं के 48 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता था। महात्मा मंदिर और प्रदर्शनी केंद्र में सोमवार से शुरू हुई इस चैंपियनशिप में 28 एशियाई देशों और दो राष्ट्रमंडल देशों के 178 भारोत्तोलक हिस्सा ले रहे हैं। यह महत्वपूर्ण प्रतियोगिता 2026 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए एक क्वालीफाइंग इवेंट के रूप में भी काम कर रही है, जिससे भारतीय खिलाड़ियों के लिए इसके परिणाम और भी अहम हो जाते हैं।
