हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कुरुक्षेत्र में आयोजित 41वीं राज्य स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी के समापन समारोह में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी केवल पशुओं का प्रदर्शन नहीं बल्कि पशुपालकों की मेहनत, धैर्य और समर्पण का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन दिन तक चली इस प्रदर्शनी ने पशुपालकों, किसानों, युवाओं, वैज्ञानिकों और उद्यमियों को एक साझा मंच प्रदान किया। यहां उत्कृष्ट पशुधन का प्रदर्शन किया गया, साथ ही आधुनिक पशुपालन तकनीकों की जानकारी दी गई। इसके अलावा पशु चिकित्सा शिविर, प्रशिक्षण सत्र और नवाचार आधारित कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिससे ज्ञान और तकनीक का प्रभावी आदान-प्रदान संभव हुआ।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन पशुपालन और कृषि क्षेत्र को नई दिशा देने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। पशुपालन क्षेत्र के विकास से किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलती है और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होते हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी के दौरान आयोजित लकी ड्रा के विजेता बने पशुपालकों और किसानों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पशुपालकों और किसानों के हित में लगातार नई योजनाएं और सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, जिससे हरियाणा का कृषि और पशुपालन क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ सके।
