हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने कहा कि राज्य सरकार का स्पष्ट मानना है कि “स्वास्थ्य सबका अधिकार है” और इसी मूल सोच को केंद्र में रखकर स्वास्थ्य से जुड़ी नीतियों और योजनाओं को लागू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर नागरिक तक सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाना है।
विधानसभा में कांग्रेस विधायक पूजा चौधरी द्वारा पूछे गए प्रश्न के उत्तर में स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि बीते कुछ वर्षों में हरियाणा सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र को सुदृढ़ करने के लिए कई ठोस और प्रभावी कदम उठाए हैं, जिसके परिणामस्वरूप आम लोगों को पहले की तुलना में बेहतर उपचार सुविधाएं मिल रही हैं।
आरती राव ने बताया कि प्रदेश में एलोपैथी चिकित्सकों की उपलब्धता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। वर्तमान में औसतन 1,225 लोगों पर एक एलोपैथी डॉक्टर उपलब्ध है। यदि आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक और यूनानी चिकित्सा पद्धतियों के चिकित्सकों को भी इसमें शामिल किया जाए, तो यह अनुपात और बेहतर होकर 819 लोगों पर एक डॉक्टर का हो जाता है। इससे यह स्पष्ट होता है कि हरियाणा में चिकित्सा सेवाओं की पहुंच लगातार मजबूत हो रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पतालों और बिस्तरों की संख्या में हुई वृद्धि की जानकारी देते हुए कहा कि 11 वर्ष पहले राज्य में लगभग 700 अस्पताल बेड उपलब्ध थे, जबकि अब यह संख्या बढ़कर 2,710 तक पहुँच चुकी है। इसके साथ ही जिला अस्पतालों और उप-मंडलीय अस्पतालों की संख्या 56 से बढ़कर 74 हो गई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की संख्या भी 109 से बढ़कर 122 तक पहुँच चुकी है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सेवाएं सशक्त हुई हैं।
उन्होंने बताया कि मौजूदा सरकार के गठन के बाद राज्य में मुफ्त डायलिसिस सेवा शुरू की गई है, जिससे किडनी से संबंधित गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को बड़ी राहत मिली है। स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई डॉक्टर डेप्यूटेशन पर तैनात है, तब भी वह अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है और मरीजों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जा रही है।
अंत में आरती राव ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य ढांचे को और अधिक मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लोगों को समान, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
