वियतनाम के दा नांग शहर में आयोजित एशियाई अंडर-23 कुश्ती प्रतियोगिता में भारतीय पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया है। पुरुष फ्रीस्टाइल वर्ग में भारत ने दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किए। भारतीय खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन ने प्रतियोगिता में भारत की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
65 किलोग्राम वर्ग में मोहित कुमार ने शानदार खेल दिखाते हुए किर्गिस्तान के ओस्कोनबाई ए अब्दिसामातोव को 12-4 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। मुकाबले के दौरान मोहित पूरी तरह विरोधी पहलवान पर हावी नजर आए और आक्रामक खेल के दम पर एकतरफा जीत दर्ज की।
79 किलोग्राम वर्ग में चंद्रमोहन ने भी भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। फाइनल मुकाबले में उन्होंने कजाखस्तान के येरखान अबिल को बेहद रोमांचक मुकाबले में 7-6 से हराया। अंतिम क्षणों तक चले इस मुकाबले में चंद्रमोहन ने धैर्य और शानदार तकनीक का प्रदर्शन किया।
92 किलोग्राम वर्ग में पुनीत कुमार ने रजत पदक हासिल किया। हालांकि फाइनल मुकाबले में उन्हें किर्गिस्तान के उलुकबेक सूरोम्बेकोव के खिलाफ 12-1 से हार का सामना करना पड़ा। वहीं 125 किलोग्राम वर्ग में लक्की ने भी रजत पदक जीता, लेकिन फाइनल में कजाखस्तान के रिजाबेक ऐतमुखान के खिलाफ 10-0 से पराजित हुए।
86 किलोग्राम वर्ग में सचिन मोर ने कांस्य पदक मुकाबले में उज्बेकिस्तान के बोबुरबेक रुजिम्बोएव को 4-1 से हराकर भारत की झोली में एक और पदक डाला।
