वियतनाम के दा नांग में आयोजित एशियन अंडर-23 कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक अपने नाम किए। महिला फ्रीस्टाइल मुकाबलों में Mansi Lathera और Kajal Dhochak ने स्वर्ण पदक जीते, जबकि स्वीटी और नेहा सांगवान को रजत पदक मिला। वहीं अहिल्या शिंदे ने कांस्य पदक हासिल किया।
पुरुष ग्रीको-रोमन वर्ग में सुमित दलाल ने स्वर्ण पदक जीतकर भारत को बड़ी सफलता दिलाई। उन्होंने 63 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में उज्बेकिस्तान के ओजोदबेक खालिम्बोएव को 12-2 से हराया। 55 किलोग्राम वर्ग में नीरज पटेल ने कजाकिस्तान के राउअन बेकीमोव को 8-0 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं 87 किलोग्राम वर्ग में Rohit Bura ने किर्गिस्तान के अर्तिकबेक अलीम्बेक उलू को 9-0 से मात देकर कांस्य पदक जीता।
महिला वर्ग में मंसी लाथेरा ने 68 किलोग्राम के फाइनल मुकाबले में उज्बेकिस्तान की फिरूजा एसेनबाएवा को 14-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। 76 किलोग्राम वर्ग में काजल ढोचक ने किर्गिस्तान की आइजार्किन झानिबेकोवा को 10-0 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
50 किलोग्राम वर्ग में स्वीटी को फाइनल में मेजबान वियतनाम की न्गोक लिन्ह डो से 7-5 से हार का सामना करना पड़ा और उन्हें रजत पदक मिला। वहीं 59 किलोग्राम वर्ग में नेहा सांगवान उज्बेकिस्तान की लेलोखोन सोबिरोवा से 9-5 से हारकर सिल्वर मेडल तक पहुंचीं। 55 किलोग्राम वर्ग में अहिल्या शिंदे ने किर्गिस्तान की अरुके कादिरबेक क्यजी को 13-2 से हराकर कांस्य पदक हासिल किया।
