भारत ने बैडमिंटन एशिया जूनियर मिक्स्ड टीम चैंपियनशिप में शानदार शुरुआत करते हुए कजाखस्तान को 2-0 से हराकर क्वार्टरफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। यह मुकाबला जापान के यात्सुशिरो में खेला गया।
भारत को मुकाबले में मजबूत शुरुआत लड़कियों की डबल्स जोड़ी दुर्गा ईशा कंद्रापु और कीर्ति मंचाला ने दिलाई। भारतीय जोड़ी ने कजाखस्तान की अलीसा कुलेशोवा और डायना नामेनोवा को 11-5 से हराकर टीम को बढ़त दिलाई।
इसके बाद पुनीत सुरेश और दीप्ति राज अदिति की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुस्तफा मलिकझान और अलीसा कुलेशोवा को 11-10 से मात दी और भारत की बढ़त को मजबूत कर दिया।
भारतीय टीम ने इसके बाद बाकी मुकाबलों में भी पूरी तरह दबदबा बनाए रखा और मुकाबला आसानी से अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में भी भारत का प्रदर्शन एकतरफा रहा, जहां किसी भी भारतीय खिलाड़ी ने किसी मैच में छह से अधिक अंक नहीं गंवाए।
भारत ग्रुप सी में चीनी ताइपे, कजाखस्तान और फिलीपींस के साथ शामिल है। अब भारत का अगला मुकाबला चीनी ताइपे से होगा, जो ग्रुप विजेता का फैसला करेगा।
