भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन मैचों की ‘2026 इंडिया-न्यूजीलैंड सेंचुरी ऑफ स्पोर्टिंग यूनिटी सीरीज’ को 1-0 से अपने नाम कर लिया है। ऑकलैंड के लॉयड एल्समोर हॉकी स्टेडियम में खेला गया दौरे का तीसरा और अंतिम मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ, जिसके साथ ही भारत ने सीरीज पर कब्जा जमा लिया।
रोमांचक रहा सीरीज का निर्णायक मुकाबला कल खेले गए सीरीज के निर्णायक मैच में मेजबान न्यूजीलैंड ने आक्रामक शुरुआत की और 9वें मिनट में डिलन थॉमस के गोल की बदौलत शुरुआती बढ़त हासिल की। हालांकि, भारतीय टीम ने जल्द ही वापसी की और दो मिनट के भीतर लगातार दो गोल दाग दिए। 16वें मिनट में संजय ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 1-1 से बराबर किया, जबकि इसके ठीक दो मिनट बाद (18वें मिनट में) कार्थी सेल्वम ने बेहतरीन फील्ड गोल कर भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी।
अंतिम क्वार्टर में मेजबान टीम ने जोरदार वापसी की और 55वें मिनट में बेंजी कुलहेन ने बराबरी का गोल दाग दिया। इसके बाद दोनों टीमों ने निर्णायक गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन कोई भी टीम सफल नहीं हो सकी और मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा। इससे पहले भारत ने सीरीज के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड को 3-2 से हराया था, जबकि दूसरा मैच भी 2-2 से ड्रॉ पर छूटा था।
मेजर ध्यानचंद की यादों और 100 वर्षों के खेल संबंधों का जश्न यह श्रृंखला भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित की गई थी। इन ऐतिहासिक संबंधों की शुरुआत वर्ष 1926 में हुई थी, जब हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद से सजी भारतीय सेना की हॉकी टीम न्यूजीलैंड का दौरा करने वाली पहली भारतीय टीम बनी थी।
