प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि सिख परंपरा सदैव राष्ट्र और उसकी संस्कृति की रक्षा के लिए सर्वस्व न्योछावर करने की भावना का प्रतीक रही है। प्रधानमंत्री ने यह बात नई दिल्ली में दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के आवास ‘लोक निवास’ में आयोजित शबद कीर्तन कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान कही। गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी के सिद्धांत उनके जीवन का अभिन्न अंग रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि भारत के इतिहास के सबसे कठिन दौर में भी सिख गुरुओं ने राष्ट्र की रक्षा और सांस्कृतिक पहचान की लौ को प्रज्वलित रखा।
गुरु तेग बहादुर के बलिदान के 350 वर्ष प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष का प्रकाश पर्व विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यह गुरु तेग बहादुर जी की शहादत के 350 वर्ष पूरे होने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी ने राष्ट्र की पहचान, आस्था, विश्वास और जीवन मूल्यों की रक्षा के लिए दिल्ली की इसी पावन भूमि पर अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। उन्होंने जोड़ा कि 350 वर्षों के बाद भी उनके अद्वितीय बलिदान की प्रेरणा भारत की मिट्टी के कण-कण में गहराई से रची-बसी है।
युवा पीढ़ी तक पहुंचे सिख गुरुओं की वीरगाथा पीएम मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि सिख गुरुओं के साहस और बलिदान की अमर गाथाओं को युवा पीढ़ी तक पहुंचाना पूरे राष्ट्र की जिम्मेदारी है। अपनी हालिया फिलीपींस यात्रा को याद करते हुए उन्होंने बताया कि उन्होंने मनीला स्थित देश के सबसे पुराने ‘खालसा दीवान गुरुद्वारे’ के दर्शन किए थे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि भारत सरकार खालसा दीवान गुरुद्वारे के पुनर्विकास के लिए भी पूरा सहयोग प्रदान कर रही है।
नशामुक्ति के लिए सामूहिक प्रयास का आह्वान समाज में नशे की बढ़ती चुनौती पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि नशे के जाल में फंसने से पूरे परिवार के सपने चकनाचूर हो जाते हैं। उन्होंने देश के प्रत्येक युवा को नशे से दूर रखने, उनके सपनों को पूरा करने, शिक्षा प्राप्त करने और अपने परिवार व देश का नाम रोशन करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। पीएम मोदी ने कहा कि युवाओं का सही मार्गदर्शन करने और उन्हें सही रास्ता चुनने के लिए प्रेरित करने में परिवारों, गुरुद्वारों और सामाजिक संगठनों की बेहद महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस अवसर पर दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने शबद कीर्तन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की उपस्थिति दिल्लीवासियों, विशेषकर सिख समुदाय के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली कैबिनेट के अन्य मंत्री भी उपस्थित थे।
