अंतर्राष्ट्रीय शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में भारतीय शूटिंग टीम का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। सोमवार को भारत ने चार और पदक अपने नाम कर पदक तालिका में अपनी बढ़त को और मजबूत कर लिया।
प्रीतम केंद्रे ने जर्मनी के सुहल में आयोजित प्रतियोगिता के 10 मीटर एयर राइफल मेंस जूनियर इवेंट में शानदार और संयमित प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता। यह इस चैंपियनशिप में भारत का पांचवां स्वर्ण पदक है।
भारत ने 25 मीटर पिस्टल विमेंस जूनियर टीम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल भी हासिल किया। अंजलि महेंद्र भागवत, परीशा गुप्ता और निथिला आइवी डार्लिंग प्रवीण क्रिस्टोफर की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पोडियम पर जगह बनाई।
इसके अलावा 25 मीटर पिस्टल मेंस जूनियर टीम इवेंट में भी भारत को ब्रॉन्ज मेडल मिला। अभिनव चौधरी, राज चंद्र और जतिन की टीम ने शानदार प्रदर्शन कर भारत के लिए एक और पदक सुनिश्चित किया।
इससे पहले अन्वी राठौर ने 10 मीटर एयर राइफल महिला जूनियर इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर भारत की मेडल संख्या बढ़ाई थी।
इन चार पदकों के साथ भारत की कुल पदक संख्या अब 12 हो गई है, जिसमें 5 गोल्ड, 1 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। भारतीय टीम फिलहाल पदक तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है।
इससे पहले समीर ने 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल पुरुष जूनियर इवेंट में 28 हिट के साथ गोल्ड मेडल जीता था। वहीं रोहित कन्यान ने 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन मेंस जूनियर इवेंट में स्वर्ण पदक हासिल किया। Prachi Gaikwad ने 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन महिला जूनियर इवेंट में 354.7 अंक के साथ सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
