भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ियों मनुष शाह और दीया चिताले ने इतिहास रच दिया है। दोनों ने चाइना स्मैश में शानदार प्रदर्शन करते हुए डब्ल्यूटीटी ग्रैंड स्मैश टूर्नामेंट के मिश्रित युगल सेमीफाइनल में जगह बना ली। यह उपलब्धि हासिल करने वाली वे पहली भारतीय मिश्रित युगल जोड़ी बन गई हैं।
पांचवीं वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में रोमानिया के एडुआर्ड इओनेस्कु और बर्नाडेट सॉक्स को सीधे गेमों में 3-0 से हराया। मनुष और दीया ने मुकाबला 11-9, 13-11, 11-3 से अपने नाम किया और अंतिम चार में प्रवेश सुनिश्चित किया।
पुरुष एकल में मानव ठक्कर का सफर थमा
पुरुष एकल में भारत के मानव ठक्कर को राउंड ऑफ 32 में हार का सामना करना पड़ा। फ्रांस के सातवीं वरीयता प्राप्त एलेक्सिस लेब्रून ने उन्हें सीधे गेमों में 3-0 से हराकर प्रतियोगिता से बाहर कर दिया।
महिला युगल में दीया-यशस्विनी को करीबी हार
महिला युगल के राउंड ऑफ 16 में दीया चिताले और यशस्विनी घोरपड़े की जोड़ी को कड़े मुकाबले में हार मिली। चीन की गाओ यूशिन और शियांग जुनलिन ने भारतीय जोड़ी को 3-2 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
भारतीय जोड़ी ने मुकाबले में कड़ी चुनौती पेश की, लेकिन निर्णायक गेम में चीनी जोड़ी ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
मनुष शाह और दीया चिताले की ऐतिहासिक सेमीफाइनल एंट्री के साथ चाइना स्मैश में भारतीय टेबल टेनिस के लिए यह महत्वपूर्ण उपलब्धि बन गई है।
