आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप में आज भारत और बांग्लादेश के बीच ग्रुप-ए का अहम मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान में भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा।
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम इस समय ग्रुप-ए में दूसरे स्थान पर है। टीम ने अब तक खेले गए तीन मुकाबलों में से दो में जीत दर्ज की है। दूसरी ओर बांग्लादेश ने भी दो मुकाबले जीते हैं, लेकिन कम रन दर के कारण वह चौथे स्थान पर है।
भारतीय टीम ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए पाकिस्तान को 64 रन से हराया था। इसके बाद नीदरलैंड के खिलाफ भी भारत ने 95 रन की बड़ी जीत दर्ज की।
हालांकि पिछले मुकाबले में भारत की जीत का सिलसिला टूट गया। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
अब बांग्लादेश के खिलाफ यह मुकाबला भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अंतिम चार में जगह मजबूत करने के लिए भारत को हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।
