भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एफआईएच हॉकी महिला नेशंस कप 2025-26 का खिताब अपने नाम कर लिया है। रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 2-0 से हराकर टूर्नामेंट में दूसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम ने आक्रामक और अनुशासित खेल का प्रदर्शन किया। चौथे मिनट में नवनीत कौर ने पेनाल्टी कॉर्नर पर शानदार गोल कर भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई। इसके बाद 15वें मिनट में सुनीलिता टोप्पो ने दूसरा गोल दागकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी।
इसके बाद भारतीय टीम ने मजबूत डिफेंस का शानदार प्रदर्शन किया और न्यूजीलैंड को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। गोलकीपर सविता ने भी बेहतरीन बचाव करते हुए टीम की बढ़त को अंत तक कायम रखा।
फाइनल में लालरेम्सियामी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। वहीं, दीपिका छह गोल के साथ टूर्नामेंट की संयुक्त टॉप स्कोरर रहीं। उन्होंने यह सम्मान अमेरिका की एशले सेसा के साथ साझा किया।
यह भारत की नेशंस कप में दूसरी खिताबी जीत है। इससे पहले भारतीय टीम ने 2022 में आयोजित पहले संस्करण का खिताब भी जीता था। इस बार भारत पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहा। पूल-ए में भारत ने अमेरिका को 3-2, जापान को 2-1 और उरुग्वे को 3-2 से हराया। इसके बाद सेमीफाइनल में चिली को 6-0 से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबले में भारत ने ट्रांजिशन प्ले में शानदार प्रदर्शन किया और तेज खेल से न्यूजीलैंड के डिफेंस पर लगातार दबाव बनाए रखा। तीसरे और चौथे क्वार्टर में भी भारतीय टीम ने अनुशासित खेल दिखाते हुए विपक्षी टीम को गोल करने का कोई बड़ा मौका नहीं दिया।
इस जीत के साथ भारतीय टीम ने अगले सीजन की एफआईएच महिला प्रो लीग के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली है।
इस ऐतिहासिक जीत के बाद Hockey India ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए नकद इनाम की घोषणा की है। हॉकी इंडिया ने प्रत्येक खिलाड़ी को 3 लाख रुपए और सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 1.5 लाख रुपए देने का ऐलान किया है।
हॉकी इंडिया ने कहा कि यह इनाम उस टीम के सम्मान में है जिसने शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाया है।
