आज भारत सहित पूरी दुनिया में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। इस वर्ष योग दिवस की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) रखी गई है, जो जीवनभर योग अपनाकर स्वस्थ, सक्रिय और सम्मानजनक जीवन जीने के महत्व को दर्शाती है।
पीएम मोदी ने कोलकाता के रेड रोड से 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का नेतृत्व किया। इस दौरान हजारों लोगों ने उनके साथ कॉमन योगा प्रोटोकॉल सत्र में भाग लिया और योगाभ्यास किया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 21 जून पृथ्वी के कुछ हिस्सों में वर्ष का सबसे लंबा दिन होता है और अब यह योग के कारण दुनिया के सबसे बड़े सामूहिक उत्सव का दिन बन चुका है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानव आत्मा की अभिव्यक्ति है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारा लक्ष्य यह होना चाहिए कि हम 40 की उम्र में 20 की उम्र से अधिक लचीले हों और 50 की उम्र में 30 की उम्र से अधिक ऊर्जावान रहें। उन्होंने कहा कि योग हमें संतुलित जीवन जीने, मानसिक शांति और शारीरिक फिटनेस की दिशा में आगे बढ़ने में मदद करता है।
पीएम मोदी ने कहा कि योग को केवल विशेष अवसरों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस वर्ष सरकार ने ‘योग 365’ अभियान के तहत 100 दिन की ऑनलाइन योग कक्षाओं को बढ़ावा दिया है।
साल 2015 में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत के बाद से प्रधानमंत्री मोदी नई दिल्ली, चंडीगढ़, लखनऊ, मैसूर, न्यूयॉर्क, श्रीनगर और विशाखापट्टनम समेत कई स्थानों से योग दिवस कार्यक्रमों का नेतृत्व कर चुके हैं।
देशभर में केंद्रीय मंत्री, राज्य मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी विभिन्न योग कार्यक्रमों में शामिल हुए। संस्कृति मंत्रालय और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा देश के 100 प्रतिष्ठित स्थलों पर विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें नई दिल्ली का लाल किला, हरिद्वार, कोणार्क, हम्पी, महाबलीपुरम, मुंबई, नालंदा, अहमदाबाद, सारनाथ, लेह, हैदराबाद और सिलचर प्रमुख हैं।
आयुष मंत्रालय के अनुसार, इस वर्ष योग संगम पोर्टल पर 6 लाख से अधिक संस्थानों ने पंजीकरण कराया है, जो रिकॉर्ड जनभागीदारी को दर्शाता है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 210 से अधिक भारतीय मिशन दुनिया के लगभग 2,500 स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं।
दिल्ली में भी शांति पथ, कर्तव्य पथ, न्यू मोती बाग, कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क, तालकटोरा गार्डन और यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सहित कई प्रमुख स्थानों पर योग दिवस समारोह आयोजित किए जा रहे हैं।
