केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने जानकारी दी है कि हज 2026 के दौरान उत्कृष्ट समन्वय और प्रभावी संचार के लिए भारतीय हज मिशन को पहली बार सऊदी अरब के हज एवं उमरा मंत्रालय द्वारा दो प्रतिष्ठित ‘लब्बैतुम अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है।
सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने संदेश में श्री रिजिजू ने कहा कि हज 2026 के मुख्य चरण का सफल संचालन अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय, भारतीय हज समिति और भारतीय हज मिशन के बीच बेहतरीन तालमेल का परिणाम है। उन्होंने बताया कि इस मिशन का नेतृत्व सऊदी अरब में भारत के राजदूत तथा जेद्दा स्थित भारतीय महावाणिज्यदूत ने किया।
केंद्रीय मंत्री ने हज यात्रियों के लिए उत्कृष्ट व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और निरंतर सहयोग प्रदान करने के लिए सऊदी अरब सरकार के प्रति आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान भारत की बेहतर हज प्रबंधन व्यवस्था और यात्रियों को प्रदान की गई सेवाओं की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली मान्यता का प्रतीक है।
