भारत का संविधान लंबे संघर्ष, स्वावलंबन और स्वदेश के सपनों को साकार करने वाला दस्तावेज है। जब देश की आबादी करीब 36 करोड़ थी और संसाधन सीमित थे, तब संविधान सभा ने अथक परिश्रम कर 26 नवंबर 1949 को यह संविधान राष्ट्र को सौंपा। वर्ष 2015 से 26 नवंबर को ‘राष्ट्रीय संविधान दिवस’ के रूप में मनाया जा रहा है। मूल संविधान टाइपसेट या मुद्रित नहीं बल्कि अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषाओं में हाथ से लिखा और सुलेख शैली में तैयार किया गया था, जिसमें प्रारंभ में 395 अनुच्छेद, 22 भाग, 8 अनुसूचियां और 90,000 शब्द शामिल थे।
प्रेम बिहारी नारायण रायजादा और शांतिनिकेतन का योगदान
संविधान को शांतिनिकेतन के कलाकारों ने आचार्य नंदलाल बोस के मार्गदर्शन में हस्तनिर्मित किया, जबकि सुलेख का काम दिल्ली में प्रेम बिहारी नारायण रायजादा ने इटालिक शैली में किया। यह किसी भी देश का सबसे लंबा हस्तलिखित संविधान है, जिसे रायजादा ने बिना किसी गलती के पूरा किया। उन्होंने संविधान लिखने के लिए कोई फीस नहीं ली, बस यह शर्त रखी कि हर पेज पर उनका नाम लिखा होगा, जिसे मान लिया गया। उन्होंने कॉन्स्टिट्यूशन हाउस के कमरा नंबर 204 में बैठकर 250 से अधिक पेन होल्डरों की निब से इसे लिखा। शुरुआत में इसे दो महीने में पूरा होने की उम्मीद थी, लेकिन हाथ से लिखने के कारण इसमें लंबा समय लगा।
संविधान सभा का गठन और 165 दिनों की चर्चा
संविधान निर्माण की पृष्ठभूमि में भारतीय परिषद अधिनियम-1861 और भारतीय स्वतंत्रता अधिनियम-1947 जैसी महत्वपूर्ण कड़ियां जुड़ी रहीं। संविधान सभा का गठन 6 दिसंबर 1946 को कैबिनेट मिशन योजना के आधार पर हुआ और इसकी पहली बैठक 9 दिसंबर 1946 को हुई। 1946 में ‘उद्देश्य प्रस्ताव’ लाया गया, जिसमें सभा के लक्ष्य स्पष्ट किए गए। सदस्यों का चुनाव भारत सरकार अधिनियम, 1935 के तहत बनी प्रांतीय विधानसभाओं के सदस्यों द्वारा अप्रत्यक्ष रूप से हुआ, जिसमें सभी धर्मों के साथ अनुसूचित जातियों के 28 सदस्य भी शामिल थे।
दिसंबर 1946 से नवंबर 1949 के बीच संविधान सभा के 11 सत्र हुए और 165 दिन बैठकें चलीं। कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका के बीच संतुलन बनाते हुए संसदीय प्रणाली और संघीय व्यवस्था अपनाई गई। आठ प्रमुख समितियों में सबसे अहम ‘प्रारूप समिति’ थी, जिसके अध्यक्ष भीमराव अंबेडकर थे और जिसका गठन 29 अगस्त 1947 को हुआ।
संशोधन, पारित होने की प्रक्रिया और लागू होना
भीमराव अंबेडकर ने 4 नवंबर 1948 को अंतिम मसौदा पेश किया, जिस पर 9 नवंबर 1948 तक पांच दिन आम चर्चा चली। 15 नवंबर 1948 से 17 अक्टूबर 1949 तक चले ‘द्वितीय वाचन’ में 7,653 संशोधन प्रस्तावित हुए और 2,473 पर चर्चा हुई। 14 नवंबर 1949 को ‘तृतीय वाचन’ शुरू हुआ और अंबेडकर के प्रस्ताव के बाद 26 नवंबर 1949 को मसौदा पारित घोषित कर दिया गया, जिस पर सदस्यों व राष्ट्रपति के हस्ताक्षर हुए। इसके बाद 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू हुआ।
