आसान (दक्षिण कोरिया): आसान में खेले जा रहे कोरिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत के लिए मिला-जुला दिन रहा। महिला सिंगल्स वर्ग में भारत की 7 खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरे दौर में प्रवेश किया, जबकि पुरुष सिंगल्स में सभी 6 भारतीय शटलरों को पहले ही दौर में हार का सामना करना पड़ा।
महिला सिंगल्स: 7 शटलरों का शानदार प्रदर्शन
महिला सिंगल्स में अनमोल खरब, मानसी सिंह, रक्षिता रामराज, अश्मिता चालिहा, इशरानी बरुआ, तन्वी शर्मा और श्रीयंशी वलीशेट्टी ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर दूसरे दौर में जगह बनाई।
- अनमोल खरब ने हांगकांग की लो सिन यान को 16-21, 21-17, 21-12 से हराया।
- मानसी सिंह ने पहला सेट गंवाने के बाद वापसी करते हुए कोरिया की किम जू यून को 14-21, 21-19, 21-9 से शिकस्त दी।
- रक्षिता रामराज ने कोरिया की ए योन यू को 22-24, 21-12, 21-13 से पराजित किया।
- अश्मिता चालिहा ने जापान की रिरिना हिरामोटो को सीधे सेटों में 22-20, 21-18 से हराया।
- इशरानी बरुआ ने कोरिया की ली सो ही को 18-21, 21-15, 21-7 से मात दी।
- तन्वी शर्मा ने चीन की अन ची युआन को 21-16, 21-15 से हराया।
- श्रियंशी वलीशेट्टी ने चीनी ताइपे की यू पो पाई को 21-15, 21-14 से हराकर अगले दौर में कदम रखा।
हालांकि, आकर्षी कश्यप को राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में कोरिया की मिन जी किम के हाथों हारकर बाहर होना पड़ा।
पुरुष सिंगल्स: पहले दौर में थमा सफर
पुरुष सिंगल्स वर्ग में भारत को निराशा हाथ लगी। पूर्व वर्ल्ड नंबर वन किदांबी श्रीकांत, मिथुन मंजूनाथ, किरण जॉर्ज, रौनक चौहान, सनीत दयानंद और तरुण मन्नेपल्ली—ये सभी छह शटलर अपने-अपने पहले दौर के मुकाबले हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गए।
डबल्स में भारतीय जोड़ियों का प्रदर्शन
- महिला डबल्स: सोनाली सिंह और रितिका ठाकर की जोड़ी ने कोरिया की जी सन बैंग और ह्यून जी चांग को हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।
- मिक्स डबल्स: छठी वरीयता प्राप्त श्रुति मिश्रा और ईशान भटनागर की जोड़ी ने हमवतन सात्विक रेड्डी कनापुरम और राधिका शर्मा की जोड़ी को हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
- पुरुष डबल्स: गैर-वरीयता प्राप्त कृष्णा प्रसाद गरागा और पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय की जोड़ी ने बड़ा उलटफेर करते हुए थाईलैंड की छठी वरीयता प्राप्त जोड़ी चालोएमपोन चारोएनकिटामोर्न और वोरापोल थोंगसा-नगा को 21-16, 21-18 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।
