नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि सात साल पहले अनुच्छेद 370 और 35(A) को हटाए जाने के बाद से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लोगों के जीवन में व्यापक और दूरगामी बदलाव आए हैं। सोशल मीडिया पर साझा की गई एक पोस्ट में, पीएम मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि दोनों केंद्र शासित प्रदेशों में बुनियादी ढांचे (इन्फ्रास्ट्रक्चर) का तेजी से विस्तार हुआ है। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, उद्यमिता (एंट्रप्रन्योरशिप) और खेल जैसे विविध क्षेत्रों में नए अवसरों का बड़े पैमाने पर विकास हुआ है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि संविधान के पूर्ण रूप से लागू होने से महिलाएं, वंचित वर्ग और वे लोग जिन्हें दशकों से उनके बुनियादी संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखा गया था, आज पूरी तरह सशक्त हुए हैं।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि यह दिन इसलिए भी और अधिक महत्वपूर्ण हो जाता है क्योंकि देश इस वर्ष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती मना रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता के प्रति डॉ. मुखर्जी का आजीवन समर्पण आज भी हर पीढ़ी को प्रेरित करता है और उनका यह सपना 5 अगस्त 2019 को ऐतिहासिक रूप से साकार हुआ था।
प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की निरंतर प्रगति के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने विश्वास जताया कि क्षेत्र का हर नागरिक बड़े सपने देखने, उन्हें हासिल करने और एक ‘विकसित भारत’ के निर्माण में अपना बहुमूल्य योगदान देने के लिए पूरी तरह सक्षम है।
