देशभर में लगातार बढ़ती गर्मी और तेज तापमान के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से अधिक सावधानी बरतने की अपील की है। प्रधानमंत्री ने कहा है कि सभी नागरिक पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और घर से बाहर निकलते समय अपने साथ पानी अवश्य रखें। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के कारण लोगों के दैनिक जीवन में कठिनाइयां बढ़ रही हैं और ऐसे समय में एक-दूसरे के प्रति संवेदनशीलता बहुत जरूरी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सामाजिक माध्यम पर साझा अपने संदेश में लोगों से आग्रह किया कि यदि कोई व्यक्ति प्यासा दिखाई दे तो उसे एक गिलास पानी अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि छोटी-सी मदद भी इस मौसम में किसी के लिए बड़ी राहत बन सकती है। प्रधानमंत्री ने लोगों से अपने परिवारजनों और प्रियजनों का हालचाल लेते रहने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि सभी को अपने परिचितों को अधिक पानी पीने, दोपहर की तेज धूप से बचने और पर्याप्त आराम करने की सलाह देनी चाहिए।
प्रधानमंत्री ने पशु-पक्षियों के प्रति भी दया और संवेदनशीलता दिखाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि लोग अपने घरों, छतों, दुकानों और कार्यालयों के बाहर पानी से भरे छोटे बर्तन रखें ताकि गर्मी में पशु-पक्षियों को पानी मिल सके। उन्होंने उन लोगों की सराहना भी की जो अपने घरों और दुकानों के बाहर घड़ों में पानी रखकर राहगीरों की प्यास बुझाने का कार्य कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इन कठिन दिनों में सभी लोगों को एक-दूसरे की मदद करनी चाहिए और समाज में करुणा तथा सहयोग की भावना को मजबूत बनाना चाहिए।
