प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से फोन पर बातचीत की। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से बताया कि दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की।
बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने उच्चस्तरीय संपर्कों में लगातार बनी गति का उल्लेख किया और व्यापार, रक्षा, महत्वपूर्ण एवं उभरती प्रौद्योगिकियों, ऊर्जा सुरक्षा तथा महत्वपूर्ण खनिजों सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रधानमंत्री मोदी और उपराष्ट्रपति वेंस ने आपसी हित से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उनकी पत्नी उषा वेंस को पुत्र के जन्म पर बधाई दी। उन्होंने वेंस परिवार के सभी सदस्यों के लिए शुभकामनाएं भी व्यक्त कीं।
