प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज केरल के एर्नाकुलम में लगभग 11 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य राज्य में औद्योगिक विकास को गति देना और सड़क संपर्क को मजबूत बनाना है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) की कोच्चि रिफाइनरी में पॉलीप्रोपाइलीन यूनिट की आधारशिला रखी। इस परियोजना पर 5,500 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जा रहा है। इस यूनिट की उत्पादन क्षमता 400 किलो टन प्रति वर्ष होगी।
पॉलीप्रोपाइलीन एक महत्वपूर्ण औद्योगिक कच्चा माल है, जिसका उपयोग पैकेजिंग, ऑटोमोबाइल के पुर्जों, चिकित्सा उपकरणों, वस्त्र उद्योग और घरेलू उत्पादों के निर्माण में व्यापक रूप से किया जाता है। इस परियोजना से न केवल औद्योगिक उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
सड़क अवसंरचना के क्षेत्र में भी प्रधानमंत्री ने दो प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें पहली परियोजना एनएच-66 के थलापडी-चेंगला खंड को छह लेन में विकसित करने की है। इस परियोजना पर 2,650 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई है। यह खंड मुंबई-कन्याकुमारी आर्थिक कॉरिडोर का हिस्सा है, जिससे कासरगोड और कन्नूर जिलों के साथ-साथ पड़ोसी क्षेत्रों जैसे मंगलुरु और मुजापिलंगड़ के बीच संपर्क बेहतर होगा।
दूसरी परियोजना कोझिकोड बाईपास के वेंगलम से रामनाट्टुकारा खंड को छह लेन में विकसित करने की है, जिसे लगभग 2,140 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इस परियोजना से क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होगा और आवागमन अधिक सुगम बनेगा।
प्रधानमंत्री मोदी इस दौरान एर्नाकुलम में आयोजित एक जनसभा को भी संबोधित कर रहे हैं, जिसमें उन्होंने विकास परियोजनाओं के महत्व और देश में तेजी से बढ़ते बुनियादी ढांचे पर जोर दिया।
