एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित, जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीफ ऑफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, ने कल भारतीय वायुसेना के नए वाइस चीफ ऑफ एयर स्टाफ (वीसीएएस) का पदभार संभाल लिया। उन्होंने एयर मार्शल नागेश कपूर का स्थान लिया, जो 30 जून को भारतीय वायुसेना में चार दशक की सेवा पूरी करने के बाद सेवानिवृत्त हुए।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को 6 दिसंबर 1986 को भारतीय वायुसेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन मिला था। वह नेशनल डिफेंस अकादमी, डिफेंस स्टाफ सर्विस कॉलेज (बांग्लादेश) और नेशनल डिफेंस कॉलेज के पूर्व छात्र रहे हैं। उनके पास 3,500 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव है।
वहीं, लेफ्टिनेंट जनरल संदीप जैन ने भारतीय सेना के वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ का पदभार संभाल लिया है। वह भी नेशनल डिफेंस अकादमी के पूर्व छात्र हैं और जून 1988 में महार रेजिमेंट में कमीशन प्राप्त किया था।
करीब चार दशकों के शानदार सैन्य करियर में लेफ्टिनेंट जनरल संदीप जैन ने विभिन्न चुनौतीपूर्ण परिचालन क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण कमांड और स्टाफ जिम्मेदारियां निभाई हैं। उनकी नियुक्ति भारतीय सेना के नेतृत्व को और मजबूत बनाएगी।
