प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित “परीक्षा पे चर्चा” कार्यक्रम को लेकर देशभर के विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में पंजाब के पठानकोट जिले के छात्रों में भी इस कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। जिले के विभिन्न स्कूलों ने छात्रों का पंजीयन कराया है, ताकि वे कार्यक्रम में शामिल होकर प्रधानमंत्री से अपने मन में उठ रहे सवालों के जवाब प्राप्त कर सकें।
शहीद मख्खन सिंह सीनियर सेकेंडरी गर्ल्स स्कूल की छात्राओं ने बताया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम को लेकर काफी उत्साहित हैं। छात्राओं का कहना है कि वे इस कार्यक्रम में भाग लेकर प्रधानमंत्री से मार्गदर्शन प्राप्त करना चाहती हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान अच्छे अंक लाने का दबाव विद्यार्थियों पर काफी अधिक होता है, जिससे कई बार तनाव की स्थिति भी बन जाती है।
छात्राओं ने कहा कि परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में प्रधानमंत्री परीक्षा के तनाव को कम करने और बेहतर तरीके से तैयारी करने के बारे में महत्वपूर्ण सुझाव देते हैं, जो विद्यार्थियों के लिए काफी उपयोगी साबित होते हैं। यह कार्यक्रम छात्रों को मानसिक रूप से मजबूत बनाता है और उन्हें आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित करता है।
स्कूल की प्रिंसिपल मीनम शिखा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह कार्यक्रम छात्रों के लिए बेहद प्रेरणादायक है। इससे छात्रों को अपने सवालों के जवाब मिलते हैं और वे बिना तनाव के बेहतर तरीके से परीक्षा की तैयारी कर पाते हैं। उन्होंने इस तरह के उपयोगी कार्यक्रम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार भी व्यक्त किया।
