संजय गांधी जैविक उद्यान, पटना (पटना जू) में पर्यटकों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में कई नए कदम उठाए जा रहे हैं। 15 जनवरी से जू में ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा शुरू की जाएगी, जबकि फरवरी माह से टूर गाइड सेवा और विशेष जू ऐप भी पर्यटकों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर ने डीडी न्यूज़ से बातचीत में बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हाल ही में जू भ्रमण के दौरान स्कूली बच्चों को जू से जोड़ने पर विशेष जोर दिया है। इसके तहत शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सेमिनार, जागरूकता और सूचना प्रसार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि बच्चों में वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति रुचि विकसित हो सके।
उन्होंने बताया कि जू के लिए विकसित किए जा रहे मोबाइल ऐप में जानवरों और पौधों से संबंधित विस्तृत जानकारी उपलब्ध होगी, जिससे पर्यटक जू भ्रमण के दौरान अधिक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से जू परिसर में 150 नए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और एक आधुनिक कमांड सेंटर की स्थापना भी की जाएगी।
इसके साथ ही पर्यटकों के अनुभव को और आकर्षक बनाने के लिए ट्री-टॉप वॉक-वे का निर्माण किया जाएगा तथा जू के प्रवेश द्वारों का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा। इन सभी पहलों से पटना जू न केवल मनोरंजन का केंद्र बनेगा, बल्कि शिक्षा और पर्यावरण जागरूकता का भी प्रमुख स्थल साबित होगा।
