इंडियन पिकलबॉल एसोसिएशन यानी आईपीए आगामी पिकलबॉल वर्ल्ड कप के लिए भारतीय सब-जूनियर और जूनियर टीम के चयन हेतु 12 से 14 जून तक ट्रायल आयोजित करेगा। तीन दिनों तक चलने वाले ये ट्रायल अहमदाबाद में होंगे, जिनके आधार पर तीसरे पिकलबॉल वर्ल्ड कप के लिए भारतीय जूनियर टीम का चयन किया जाएगा। ग्लोबल पिकलबॉल फेडरेशन से मान्यता प्राप्त यह टूर्नामेंट 30 अगस्त से 9 सितंबर तक वियतनाम में आयोजित होगा।
देशभर से 100 से अधिक खिलाड़ी इन ट्रायल्स में हिस्सा ले रहे हैं। दिल्ली, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, असम, राजस्थान, ओडिशा, हरियाणा और गुजरात समेत कई राज्यों के खिलाड़ी अंडर-14 और अंडर-18 वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगे।
ट्रायल्स के चयन समिति में आलाप शर्मा, धीरन पटेल, मोहित कुमार, अतुल एडवर्ड और आईपीए के सीईओ आदित्य खन्ना शामिल हैं। चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन का बारीकी से मूल्यांकन किया जाएगा।
इन ट्रायल्स में कई प्रमुख युवा खिलाड़ियों पर नजर रहेगी। अर्जुन सिंह हाल ही में यूएस ओपन में सिंगल्स और डबल्स में तीन पदक जीतकर चर्चा में आए थे और अब वे भारतीय टीम में जगह बनाने की कोशिश करेंगे। वहीं नाओमी अमलसदीवाला को भारत की उभरती हुई स्टार खिलाड़ियों में माना जाता है और वे भी ट्रायल्स में हिस्सा लेंगी।
इसके अलावा यूएस ओपन में डबल्स कांस्य पदक जीतने वाले पंथ ठक्कर, साथ ही पूर्वांश पटेल, अनुष्का छाबड़िया, वीर शाह और देव शाह भी भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।
