सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने आज घोषणा की कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जल्द ही सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए एक महत्वाकांक्षी कैशलेस मेडिकल ट्रीटमेंट योजना की शुरुआत करेंगे। श्री गडकरी ने यह जानकारी नई दिल्ली में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के परिवहन मंत्रियों तथा परिवहन विकास परिषद की 43वीं बैठक की अध्यक्षता करने के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
श्री गडकरी ने बताया कि इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को न्यूनतम सात दिनों तक एक लाख 50 हजार रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। यह सुविधा देश की किसी भी सड़क पर हुई दुर्घटना की स्थिति में लागू होगी, जिससे पीड़ितों को समय पर और बिना आर्थिक चिंता के इलाज मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत दुर्घटना के शिकार व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले नेकदिल मददगार को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। ऐसे मददगारों को योजना के तहत “राहवीर” की संज्ञा दी जाएगी, जिससे समाज में मानवीय सहायता और जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री ने जानकारी दी कि इस योजना का पायलट प्रोजेक्ट उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ सहित कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में हाल ही में सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। पायलट परियोजना की सफलता के बाद अब इसे राष्ट्रीय स्तर पर लागू करने की तैयारी की जा रही है।
