प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय संविधान को देश के करोड़ों नागरिकों के जीवन का अभिन्न हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि संविधान की असाधारण भावना और लोकतांत्रिक व्यवस्था ने एक साधारण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवार में जन्मे व्यक्ति को भी दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का नेतृत्व करने का अवसर दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि संविधान ने हर नागरिक को समान अवसर और आगे बढ़ने का अधिकार दिया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को देश के प्रमुख समाचार पत्रों में प्रकाशित अपने हस्ताक्षरित लेख में संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और अपनी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर उसके शासनकाल में संविधान को कमजोर करने का आरोप भी लगाया। साथ ही, अनुच्छेद 370 और 35ए को निरस्त करने के अपनी सरकार के फैसले को ऐतिहासिक गलती सुधारने वाला कदम बताया।
संविधान दिवस मनाने के पीछे सरकार का उद्देश्य
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का प्रयास संविधान के प्रति लोगों, विशेषकर युवाओं के जुड़ाव को मजबूत करना रहा है। भारत जैसे विविधताओं वाले देश में संविधान की भावना केवल संसद और अदालतों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि समाज के हर वर्ग तक पहुंचनी चाहिए। देश में अलग-अलग धर्म, भाषाएं, परंपराएं और विचारधाराएं हैं, ऐसे में संविधान राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से एक दशक से अधिक समय पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था।
पीएम मोदी ने अपने लेख में लिखा कि उनके सहित करोड़ों भारतीयों के जीवन में संविधान का विशेष स्थान है। उन्होंने अपने बचपन और सामान्य परिस्थितियों में हुए पालन-पोषण को याद करते हुए कहा कि संविधान के प्रति उनके मन में गहरी कृतज्ञता है। एक साधारण आर्थिक पृष्ठभूमि वाले परिवार में जन्मे बच्चे को देश की सेवा करने और प्रधानमंत्री बनने का अवसर मिलना भारतीय संविधान की असाधारण शक्ति को दर्शाता है।
संविधान निर्माताओं के योगदान को किया याद
प्रधानमंत्री ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था। इस अवसर पर देश डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों के योगदान को याद करता है।
उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं ने आधुनिक लोकतांत्रिक व्यवस्था तैयार करते समय भारत की समृद्ध परंपराओं और सभ्यतागत ज्ञान से भी प्रेरणा ली थी। संविधान विशेषज्ञ ग्रेनविल ऑस्टिन ने भी भारतीय संविधान को मुख्य रूप से एक सामाजिक दस्तावेज बताया था।
पीएम मोदी के अनुसार, सामाजिक और आर्थिक न्याय की अवधारणा संविधान के मूल ढांचे में समाहित है। इसलिए संविधान निर्माताओं की इस परिकल्पना को साकार करना सरकार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर निकले
प्रधानमंत्री ने विश्व बैंक की एक हालिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि लगभग 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर निकल चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब करोड़ों परिवार अपने बच्चों के बेहतर भविष्य का सपना देख पा रहे हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है।
पीएम मोदी ने कहा कि जब किसी गरीब परिवार को कच्चे मकान से पक्का घर मिलता है, तो उसे सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर मिलता है। उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को धुएं से भरे रसोईघर से राहत मिली है, जबकि आयुष्मान भारत योजना गरीब परिवारों को आर्थिक बोझ की चिंता किए बिना बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद कर रही है।
उन्होंने मुद्रा योजना, पीएम-स्वनिधि, डिजिटल तकनीक और यूपीआई को भी आर्थिक एवं सामाजिक समावेशन के महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
तीन महत्वपूर्ण संविधान संशोधनों का किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने संविधान में किए गए संशोधनों का जिक्र करते हुए कहा कि 101वें संविधान संशोधन के माध्यम से वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) लागू किया गया। इससे देश में एकीकृत कर व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव आया।
उन्होंने कहा कि 102वें संविधान संशोधन के जरिए राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया गया। वहीं, 103वें संशोधन के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों (ईडब्ल्यूएस) को आरक्षण का प्रावधान किया गया। इससे उन आर्थिक रूप से पिछड़े परिवारों को लाभ मिला, जो पहले से लागू आरक्षण व्यवस्था के दायरे में नहीं आते थे।
पीएम मोदी ने कहा कि 1950 के बाद पहली बार संविधान का अद्यतन संस्करण आठवीं अनुसूची में शामिल सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है। इससे देश के अलग-अलग भाषाई समुदायों के लोगों के लिए संविधान को समझना आसान हुआ है।
उन्होंने भारतीय न्याय संहिता लागू किए जाने को भी एक बड़ा बदलाव बताया। उनके अनुसार, इसका उद्देश्य औपनिवेशिक काल की दंड-केंद्रित व्यवस्था से आगे बढ़कर नागरिक-केंद्रित न्याय प्रणाली स्थापित करना है।
कांग्रेस पर संविधान को कमजोर करने का आरोप
प्रधानमंत्री ने अपने लेख में कांग्रेस पर परोक्ष निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय इतिहास में ऐसे कई अवसर आए, जब संविधान की रक्षा करने की जिम्मेदारी निभाने वालों ने ही उसे कमजोर करने वाले फैसले लिए। उन्होंने कहा कि यह विडंबना है कि देश पर लगभग पांच दशक तक शासन करने वाली पार्टी के कार्यकाल में ऐसे कदम उठाए गए।
पीएम मोदी ने कहा कि इस वर्ष 1951 में हुए पहले संविधान संशोधन के 75 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय तत्कालीन सरकार ने अस्थायी संसद में अपने बहुमत का इस्तेमाल मौलिक स्वतंत्रताओं को सीमित करने के लिए किया था। यह संशोधन देश के पहले आम चुनाव से कुछ महीने पहले किया गया था।
उन्होंने आपातकाल के दौरान किए गए 42वें संविधान संशोधन के 50 वर्ष पूरे होने का भी उल्लेख किया। प्रधानमंत्री के अनुसार, इस संशोधन ने न्यायिक समीक्षा के अधिकार को सीमित करने और संस्थागत शक्तियों के संतुलन को प्रभावित करने का काम किया।
उन्होंने युवाओं से 38वें और 39वें संविधान संशोधनों का अध्ययन करने की अपील करते हुए कहा कि इससे उन्हें समझने में मदद मिलेगी कि सत्ता के लालच में संविधान के साथ किस तरह के फैसले किए जा सकते हैं।
अनुच्छेद 356 के इस्तेमाल पर भी उठाए सवाल
प्रधानमंत्री ने निर्वाचित राज्य सरकारों को बर्खास्त करने के लिए अनुच्छेद 356 के बार-बार इस्तेमाल को भारतीय लोकतंत्र का चिंताजनक अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि एक राजनीतिक पार्टी ने अपने शासनकाल में लगभग 100 बार इस प्रावधान का इस्तेमाल किया। उन्होंने एक पूर्व प्रधानमंत्री द्वारा इस मामले में अर्धशतक पूरा करने का उल्लेख करते हुए इंदिरा गांधी पर भी परोक्ष निशाना साधा।
अनुच्छेद 370 और 35ए को हटाना ऐतिहासिक फैसला
जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 और 35ए का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इन प्रावधानों के कारण 70 वर्षों से अधिक समय तक राज्य में भारतीय संविधान पूरी तरह लागू नहीं हो सका।
उन्होंने कहा कि इससे अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और महिलाओं को मिलने वाले अधिकार प्रभावित हुए। प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2019 में उनकी सरकार ने इन प्रावधानों को निरस्त कर एक ऐतिहासिक गलती को सुधारने का काम किया।
2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज भारत एक निर्णायक मोड़ पर खड़ा है और देश 2047 तक विकसित भारत बनने के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस राष्ट्रीय संकल्प को पूरा करने के लिए उन्होंने दो महत्वपूर्ण सिद्धांतों पर जोर दिया। पहला, हर विचार और निर्णय में राष्ट्र को सर्वोपरि रखना और दूसरा, प्रत्येक कार्य में कर्तव्य की भावना को महत्व देना।
उन्होंने कहा कि संविधान को अपनी शक्ति का स्रोत और राष्ट्र प्रथम की भावना को अपना मार्गदर्शक बनाकर देश आने वाली पीढ़ियों के लिए एक उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकता है।
