प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में भविष्य की परीक्षाओं में पेपर लीक रोकने के लिए सभी हितधारकों से समन्वय बनाकर प्रयास करने का आह्वान किया है। संसद भवन परिसर में आयोजित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) संसदीय दल की बैठक (‘मंगल मिलन’) को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने हालिया नीट (NEET) परीक्षा पेपर लीक मामले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और देश के युवाओं के हितों की रक्षा करने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि प्रधानमंत्री ने बैठक में स्पष्ट किया कि नीट पेपर लीक की जानकारी मिलते ही सरकार ने तुरंत कार्रवाई की। पीएम मोदी ने कहा कि पेपर लीक मामले में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनमें से 13 आरोपी फिलहाल जेल में बंद हैं। प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए गए हैं।
किसानों के हित सर्वोपरि
संसदीय कार्य मंत्री के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने भारत द्वारा विभिन्न देशों के साथ किए गए मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) पर भी चर्चा की। पीएम मोदी ने कहा कि हर मुक्त व्यापार समझौते में भारतीय किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे सभी समझौते किसानों के कल्याण और राष्ट्रीय हित को ध्यान में रखकर ही किए गए हैं।
संसद का मानसून सत्र और विपक्ष से अपील
संसद के चल रहे मानसून सत्र का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए विधेयकों को पारित कराने में सकारात्मक और रचनात्मक भूमिका निभाएगा। वहीं, किरेन रिजिजू ने विपक्षी दलों से संसद के सुचारू संचालन में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन सभी सांसद देश की सेवा, युवाओं के भविष्य की सुरक्षा और उनके कल्याण के लिए चुने गए हैं। रिजिजू ने सभी राजनीतिक दलों से व्यापक राष्ट्रीय हित में मिलकर काम करने का आह्वान किया।
पीएम मोदी का सम्मान
बैठक के दौरान एनडीए के सहयोगी दलों ने भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभालने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में एक बधाई प्रस्ताव भी पारित किया।
