प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उदुपी पहुंचे, जहाँ वह उदुपी पर्याय श्री पुत्तिगे मठ द्वारा आयोजित कोटि गीता लेखन यज्ञ अभियान और समूह गीता पारायण (भागवत गीता पाठ) में शामिल हुए। प्रधानमंत्री ने यहां स्वर्ण-मंडित तीर्थ मंटप का लोकार्पण किया और स्वर्ण-मंडित कनक किंडि को जनता को समर्पित किया। यह वही पवित्र झरोखा माना जाता है जिसे भगवान श्रीकृष्ण ने अपने भक्त संत कनकदास के दर्शन हेतु खोला था।
प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत मंगलुरु में कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने किया। इसके बाद वे उदुपी की ओर रवाना हुए, जहाँ उनके स्वागत के लिए भारी जनसमूह उमड़ पड़ा।
लगभग दो किलोमीटर लंबे भव्य रोड शो के दौरान सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने प्रधानमंत्री पर पुष्पवृष्टि की। प्रधानमंत्री ने भी हाथ हिलाकर जनता के इस स्नेह का प्रत्युत्तर दिया। रोड शो के दौरान यक्षगान और हुलीवेषा कलाकारों ने पारंपरिक प्रस्तुतियाँ देकर माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया।
रोड शो के बाद प्रधानमंत्री सीधे उदुपी श्री कृष्ण मठ पहुंचे, जहाँ उन्होंने गीता पारायण और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया। उदुपी में आयोजित इन ऐतिहासिक आयोजनों में प्रधानमंत्री का आगमन श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों के लिए एक विशेष क्षण साबित हुआ।
