भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए जापान ओपन 2026 के महिला एकल वर्ग के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।
सिंधु को क्वार्टर फाइनल में जापान की पूर्व विश्व चैंपियन नोजोमी ओकुहारा के मुकाबले से हटने के कारण वॉकओवर मिला। टोक्यो के टोक्यो मेट्रोपॉलिटन जिम्नेजियम में होने वाला यह मुकाबला शुरू होने से पहले ही रद्द कर दिया गया।
विश्व रैंकिंग में 11वें स्थान पर काबिज नोजोमी ओकुहारा ने इससे पहले अंतिम-16 मुकाबले में दक्षिण कोरिया की शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी आन से-यंग के हटने के बाद क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी। हालांकि, क्वार्टर फाइनल में वह कोर्ट पर नहीं उतर सकीं और इसका फायदा विश्व नंबर 10 पीवी सिंधु को मिला।
अब सेमीफाइनल में सिंधु का सामना चीन की विश्व नंबर 4 खिलाड़ी चेन युफेई से होगा। यह मुकाबला शनिवार को टोक्यो मेट्रोपॉलिटन जिम्नेजियम में खेला जाएगा।
इससे पहले पीवी सिंधु ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए चीन की विश्व नंबर 5 खिलाड़ी हान यूए को हराकर प्रभावशाली जीत दर्ज की थी।
गौरतलब है कि जापान ओपन 2026 इस वर्ष बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर में पीवी सिंधु का तीसरा सेमीफाइनल है। इससे पहले वह मलेशिया ओपन और ऑस्ट्रेलिया ओपन में भी अंतिम चार तक पहुंच चुकी हैं। यह लगातार अच्छा प्रदर्शन आगामी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से पहले उनके आत्मविश्वास को और मजबूत करेगा।
