वैश्विक बाजारों में जारी अनिश्चितता के बीच शुक्रवार को घरेलू वायदा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों की शुरुआत मिश्रित रुख के साथ हुई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने में मामूली मजबूती जबकि चांदी में हल्की कमजोरी दर्ज की गई। दोनों कीमती धातुएं फिलहाल सीमित दायरे में कारोबार करती नजर आ रही हैं।
एमसीएक्स पर 5 अगस्त 2026 डिलीवरी वाले सोने के वायदा अनुबंध ने पिछली बंद कीमत 1,40,348 रुपये प्रति 10 ग्राम के मुकाबले बढ़त के साथ कारोबार शुरू किया। शुरुआती कारोबार में सुबह करीब 9:30 बजे सोना 52 रुपये (0.04 प्रतिशत) की बढ़त के साथ 1,40,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। दिन के कारोबार के दौरान इसने 1,40,733 रुपये का उच्चतम और 1,40,375 रुपये प्रति 10 ग्राम का न्यूनतम स्तर छुआ।
वहीं, 4 सितंबर 2026 डिलीवरी वाली चांदी की वायदा कीमतों में गिरावट देखने को मिली। चांदी का अनुबंध 2,16,013 रुपये प्रति किलोग्राम के मुकाबले कमजोरी के साथ खुला और शुरुआती कारोबार में 582 रुपये (0.27 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 2,15,431 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार करता दिखाई दिया। कारोबार के दौरान चांदी ने 2,16,230 रुपये का उच्चतम और 2,15,233 रुपये प्रति किलोग्राम का न्यूनतम स्तर दर्ज किया।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी दोनों कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है। कॉमेक्स बाजार में सोना 0.02 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 3,991 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 1.07 प्रतिशत टूटकर 55 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव से वैश्विक वित्तीय बाजारों में अस्थिरता बनी हुई है, जिसका असर कीमती धातुओं की कीमतों पर भी देखने को मिल रहा है। पिछले तीन महीनों में डॉलर के आधार पर सोने की कीमत में 18 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई है। वहीं, बीते एक महीने में यह करीब 9 प्रतिशत और पिछले एक सप्ताह में लगभग 3 प्रतिशत कमजोर हुआ है।
चांदी में गिरावट और भी तेज रही है। पिछले तीन महीनों में इसकी कीमत 32 प्रतिशत से अधिक, एक महीने में 21 प्रतिशत से अधिक और बीते एक सप्ताह में करीब 8 प्रतिशत तक लुढ़क चुकी है।
