Sonipat News: कल से दस्तक दे सकता है प्री मानसून, 21 तक बारिश के आसार

दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी का सामना कर रहे लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो 19 जून से प्री मानसून दस्तक दे सकता है। इसके चलते 21 जून तक तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार बने हुए हैं।

Sonipat News: कल से दस्तक दे सकता है प्री मानसून, 21 तक बारिश के आसार

सोनीपत। दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी का सामना कर रहे लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो 19 जून से प्री मानसून दस्तक दे सकता है। इसके चलते 21 जून तक तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार बने हुए हैं। बारिश होती है तो लोगों को राहत मिल सकेगी। वहीं 45 डिग्री से ऊपर बने तापमान में भी गिरावट आएगी।

जिले में कई दिनों से लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह नौ बजे से ही गर्मी का सितम शुरू हो जाता है। दोपहर तक चलने वाली तेज गर्म हवा तन को झुलसाने लगती है। दोपहर के समय प्रचंड गर्मी के चलते सड़कें सुनसान हो जाती हैं। बाजारों में भी सन्नाटा पसर जाता है। लोग गर्मी से बचने के लिए तरह-तरह के उपाय करते हैं। ऐसे में 19 से 21 जून के बीच पंजाब, हरियाणा व उत्तर पश्चिमी राजस्थान में तेज गति से हवा चलने, धूल भरी आंधी के साथ बारिश होने के आसार बन रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश हुई तो तापमान में भी गिरावट आएगी।

तेजी से बढ़ रहा तापमान
जिले में तापमान में तेजी से इजाफा हो रहा है। सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सोमवार को दिन भर लोगों को लू का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय तो लोगों का घरों से बाहर निकलना भी दूभर हो गया था।