फीफा विश्व कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में स्पेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फ्रांस को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बना ली। टेक्सास (अमेरिका) के डलास स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में स्पेन ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और फ्रांस को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
स्पेन के लिए मिकेल ओयारजाबाल ने 22वें मिनट में पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद पेड्रो पोरो ने शानदार गोल दागकर स्पेन की जीत लगभग सुनिश्चित कर दी। इस जीत के साथ स्पेन 16 वर्ष बाद एक बार फिर विश्व कप का खिताब जीतने से केवल एक कदम दूर है।
अब स्पेन का सामना फाइनल में अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। खिताबी मुकाबला रविवार रात अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित मेटलाइफ स्टेडियम में खेला जाएगा।
दूसरे सेमीफाइनल में मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना और इंग्लैंड आमने-सामने होंगे। यह मुकाबला अमेरिका के अटलांटा स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसकी शुरुआत भारतीय समयानुसार गुरुवार तड़के 12:30 बजे होगी।
