अमेरिका और ईरान के बीच समझौता होने तथा होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोले जाने की घोषणा के बाद घरेलू शेयर बाजार में आज जोरदार तेजी देखने को मिली। निवेशकों की मजबूत खरीदारी के चलते बाजार ने हरे निशान में शानदार शुरुआत की।
कारोबार शुरू होते ही बीएसई सेंसेक्स करीब 1,200 अंक यानी 1.6 प्रतिशत की बढ़त के साथ 76,725 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं एनएसई निफ्टी भी लगभग 360 अंक यानी 1.53 प्रतिशत उछलकर 23,985 के स्तर पर खुला।
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो रियल एस्टेट शेयरों में सबसे अधिक तेजी दर्ज की गई। निफ्टी रियल्टी सूचकांक 2.59 प्रतिशत चढ़ा। इसके बाद निफ्टी सीमेंट में 2.46 प्रतिशत और निफ्टी ऑटो में 1.92 प्रतिशत की बढ़त देखी गई।
इसके अलावा निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, निफ्टी ऑयल एंड गैस तथा निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स में भी मजबूत खरीदारी देखने को मिली। हालांकि हेल्थकेयर सेक्टर के शेयर बाजार की तेजी के मुकाबले कमजोर प्रदर्शन करते नजर आए।
कमोडिटी बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड करीब 5 प्रतिशत फिसलकर 83.05 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। वहीं अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड 5.74 प्रतिशत गिरकर लगभग 80 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया।
एशियाई बाजारों में भी सकारात्मक माहौल देखने को मिला। जापान का निक्केई सूचकांक 5 प्रतिशत से अधिक उछला, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी लगभग 5 प्रतिशत मजबूत हुआ। हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स भी 0.5 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार करता दिखाई दिया।
विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और तेल आपूर्ति को लेकर चिंताएं घटने से वैश्विक निवेशकों का भरोसा बढ़ा है, जिसका सकारात्मक असर दुनिया भर के शेयर बाजारों पर देखने को मिल रहा है।
