फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप बी मुकाबले में स्विट्ज़रलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कनाडा को 2-1 से हरा दिया। इस जीत के साथ स्विट्जरलैंड ने ग्रुप बी में शीर्ष स्थान हासिल करते हुए राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह पक्की कर ली।
बीसी प्लेस स्टेडियम में खेला गया यह मुकाबला काफी रोमांचक रहा। दोनों टीमों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और कई अच्छे मौके बनाए, लेकिन पहले हाफ में किसी भी टीम को गोल करने में सफलता नहीं मिली। शुरुआती 45 मिनटों में दोनों टीमों का डिफेंस बेहद मजबूत नजर आया।
दूसरे हाफ की शुरुआत के साथ ही स्विट्जरलैंड ने मैच का पहला गोल दागा। रूबेन वर्गास ने शानदार गोल करते हुए टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।
इसके कुछ ही देर बाद 20 वर्षीय खिलाड़ी जोहान मंजाम्बी ने स्विट्जरलैंड की बढ़त दोगुनी कर दी। मैच के 57वें मिनट में किए गए उनके गोल ने कनाडा को दबाव में ला दिया। पूरे मुकाबले में मंजाम्बी शानदार लय में नजर आए और उन्होंने कनाडा के डिफेंस को लगातार परेशान किया।
स्विट्जरलैंड की 2-0 की बढ़त के बाद लग रहा था कि टीम आसानी से मुकाबला जीत जाएगी, लेकिन 76वें मिनट में कनाडा ने वापसी की कोशिश की। स्थानापन्न खिलाड़ी प्रॉमिस डेविड ने गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया और मुकाबले को रोमांचक बना दिया।
इसके बाद कनाडा ने बराबरी के लिए लगातार प्रयास किए, लेकिन स्विट्जरलैंड का मजबूत डिफेंस अंत तक दीवार बनकर खड़ा रहा।
स्विट्जरलैंड ने तीन मुकाबलों में 7 अंक हासिल कर ग्रुप बी में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, हार के बावजूद कनाडा ने 3 मैचों में 4 अंक के साथ राउंड ऑफ 32 में प्रवेश कर लिया।
