राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित की जानी है। परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए केंद्र सरकार ने ऑनलाइन मैसेजिंग और सोशल मीडिया ऐप टेलीग्राम की सेवाओं पर 22 जून तक अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है।
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MEITY) द्वारा उठाए गए इस कदम का स्वागत किया है। एजेंसी ने एक बयान में कहा कि यह प्रतिबंध NEET (UG) 2026 पुनर्परीक्षा के दिन और उसके तुरंत बाद की अवधि तक प्रभावी रहेगा, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह, गलत सूचना या परीक्षा से जुड़ी अनियमितताओं को रोका जा सके।
एनटीए के अनुसार, टेलीग्राम को यह भी निर्देश दिया गया है कि वह 30 जून तक पहले से पोस्ट किए गए संदेशों में संशोधन (Message Editing) की सुविधा को निष्क्रिय रखे। एजेंसी का कहना है कि इस फीचर का कथित तौर पर दुरुपयोग कर राष्ट्रीय परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक होने के झूठे और बाद में गढ़े गए दावे प्रस्तुत किए जाते रहे हैं।
एजेंसी ने बताया कि ये दोनों कदम सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने और पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को ठगी तथा धोखाधड़ी से बचाने के उद्देश्य से उठाए गए हैं। एनटीए का आरोप है कि कुछ संगठित नकल गिरोह और धोखाधड़ी करने वाले समूह टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म का उपयोग कर छात्रों को गुमराह करने और अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास करते हैं।
एनटीए ने समय पर कार्रवाई के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय का आभार व्यक्त किया है। एजेंसी का मानना है कि इन उपायों से परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया जा सकेगा तथा लाखों छात्रों के हितों की रक्षा होगी। साथ ही यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा बिना किसी व्यवधान और विवाद के सफलतापूर्वक आयोजित हो।
