श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र दान मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने पहली FIR में नामजद आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह FIR मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (SIT) की सिफारिशों के बाद दर्ज की गई। मामला श्रीराम जन्मभूमि थाना में ट्रस्ट सदस्य कृष्णमोहन की लिखित शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया।
FIR में अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडेय, रामाशंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव और श्रीराम शंकर यादव उर्फ टिन्नू समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के नाम शामिल हैं।
लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत के नेतृत्व में गठित SIT ने मंगलवार को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सरकार को सौंपी थी। रिपोर्ट में मामले को लेकर कड़ी कार्रवाई की सिफारिश की गई थी। इसके बाद बुधवार को FIR दर्ज की गई।
यह मामला तब सामने आया जब श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को प्राप्त चढ़ावे और दान राशि में चोरी के आरोप लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए ट्रस्ट ने विशेष जांच की मांग की थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने SIT गठन के आदेश दिए थे।
