भारत सहित 35 देशों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीकों के लिए विश्वसनीय और मजबूत सप्लाई चेन विकसित करने हेतु अमेरिका के नेतृत्व वाली पहल पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता वॉशिंगटन में आयोजित दूसरे पैक्स सिलिका समिट के दौरान हुआ।
अमेरिका के आर्थिक मामलों के अवर विदेश मंत्री Jacob Helberg ने कहा कि भाग लेने वाले देशों ने AI अवसरों पर संयुक्त वक्तव्य का समर्थन किया है। इसके तहत सभी देशों ने AI युग के लिए विकास और नवाचार को बढ़ावा देने वाले नियामक दृष्टिकोण पर सहमति जताई है।
मीडिया से बातचीत में Jacob Helberg ने कहा कि अमेरिका भारत के साथ अपनी साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भारत-अमेरिका संबंधों को 21वीं सदी के सबसे महत्वपूर्ण द्विपक्षीय संबंधों में से एक बताया।
उन्होंने कहा कि भारत के साथ द्विपक्षीय सहयोग से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई, जिनमें Quad और TRUST पहल प्रमुख रहे।
समिट में भारत का प्रतिनिधित्व इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव एस. कृष्णन ने किया। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में उद्योग जगत के प्रतिनिधि भी शामिल थे।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने उद्योग जगत के नेताओं के साथ सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मजबूत तकनीकी सप्लाई चेन में सहयोग बढ़ाने को लेकर चर्चा की।
समिट के दौरान अर्जेंटीना, चिली, कोस्टा रिका, जर्मनी, ग्रीस, कजाखस्तान, नीदरलैंड, पनामा और यूरोपीय संघ भी पैक्स सिलिका पहल में शामिल हुए। भारत इस पहल से इसी वर्ष फरवरी में नई दिल्ली में आयोजित AI इम्पैक्ट समिट के दौरान जुड़ा था।
