उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में राज्य के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में व्यय वित्त समिति की बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत योजना प्रस्तावों को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों और अन्य प्रस्तावों के क्रियान्वयन में समय सीमा निर्धारित की जाए तथा कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जनपद चम्पावत में रोडवेज स्टेशन के पास आधुनिक सुसज्जित स्टोरी पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लैक्स के निर्माण के लिए 64.94 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई। मुख्य सचिव ने इस परिसर का नाम सिटी सेंटर चम्पावत रखने के निर्देश भी दिए।
साथ ही, टिहरी गढ़वाल के माल रोड में फसाड कार्य, रेलिंग्स, पाथ, स्ट्रीट लाइट और शौचालय निर्माण के प्रस्ताव के लिए 11.25 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई। मुख्य सचिव ने कहा कि यह निर्माण कार्य नगरवासियों और पर्यटकों दोनों के लिए सुविधा और सुरक्षा को बढ़ाएंगे।
यह निर्णय राज्य में सुगम, सुरक्षित और आधुनिक बुनियादी सुविधाओं के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
