भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) द्वारा आयोजित “विकसित भारत @2047” चित्र प्रदर्शनी सह जागरूकता अभियान के दूसरे दिन प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को विकसित भारत की संकल्पना से जोड़ना और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम में जिज्ञासा नारी शक्ति केंद्र की महिलाओं, छात्र-छात्राओं सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने पूछे गए प्रश्नों के सटीक उत्तर देकर पुरस्कार प्राप्त किए, जिससे कार्यक्रम में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी श्री प्रकाश सिंह ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम समाज के विभिन्न वर्गों तक सरकारी योजनाओं और राष्ट्रीय लक्ष्यों की जानकारी पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का सफल संचालन सहायक क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी श्री अमरेन्द्र मोहन द्वारा किया गया। उन्होंने प्रश्नोत्तरी के माध्यम से प्रतिभागियों को सरल भाषा में विकसित भारत @2047 की अवधारणा से अवगत कराया।
भारत सरकार के इस जागरूकता अभियान के प्रचार-प्रसार में राष्ट्रपति द्वारा नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित समाजसेवी श्रीमती अनीता गुप्ता की संस्था महिला कला केंद्र सक्रिय भूमिका निभा रही है। संस्था द्वारा विभिन्न प्रसार क्लबों के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार किया जा रहा है, जिससे समाज में जागरूकता का प्रभावी संदेश पहुँच रहा है।
