मुजफ्फरपुर रेल पुलिस ने एक बड़े बच्चा चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन महिलाओं समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस फिलहाल गिरोह के सरगना, डॉ. अविनाश कुमार की तलाश में छापेमारी कर रही है, जो अभी भी फरार है। 3 अक्टूबर 2025 को हाजीपुर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 से लापता हुए बच्चे, मो. फहीम उर्फ राजा बाबू, को भी पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है।
घटना के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि सुमित कुमार अपनी पत्नी और बच्चों के साथ हाजीपुर स्टेशन पर सो रहे थे, तभी उनका एक बच्चा गायब हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्चा नहीं मिला तो उन्होंने रेल थाने में मामला दर्ज कराया। बच्चे की बरामदगी के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में एक पुरुष और एक महिला संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने तकनीकी सहायता और डंप डेटा का विश्लेषण कर संदिग्ध मोबाइल नंबर की पहचान की। इस नंबर के आधार पर बच्चे को ले जाने वाले व्यक्ति की पहचान वैशाली जिले के अर्जुन कुमार के रूप में हुई। आगे की जांच में किरण देवी का भी नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
अर्जुन और किरण से पूछताछ के बाद पुलिस ने वैशाली, समस्तीपुर जिलों से सोनू कुमार, अनिल कुमार साह, गुड़िया देवी और मुन्नी कुमारी को भी गिरफ्तार किया। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया।
आरोपी सोनू कुमार ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने डॉ. अविनाश कुमार और मुन्नी कुमारी के कहने पर 3.5 लाख रुपये में बच्चे को ले जाने का सौदा किया था। डॉ. अविनाश को UPI और नकद में कुछ पैसे भी दिए गए थे। पुलिस अब डॉ. अविनाश की तलाश कर रही है और सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
