बेगूसराय जिले के मटिहानी प्रखंड अंतर्गत मनिअप्पा पंचायत ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली और विकास मॉडल से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। पंचायत को केंद्र सरकार की ओर से दिए जाने वाले राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। इस उपलब्धि के बाद पूरे इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार पंचायतों के कार्यों का मूल्यांकन नौ अलग-अलग मानकों और थीम के आधार पर करती है। इन मानकों में विकास कार्य, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, शिक्षा, जनकल्याण योजनाओं का क्रियान्वयन और प्रशासनिक पारदर्शिता जैसे कई महत्वपूर्ण पहलू शामिल होते हैं। मनिअप्पा पंचायत ने इन सभी क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए पंचायत एडवांस इंडेक्स में जिले की अन्य पंचायतों से बेहतर रेटिंग हासिल की।
विस्तृत जांच और मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद पंचायत का चयन राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार के लिए किया गया। पंचायत के मुखिया मुरारी कुमार को आगामी 3 जून को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में शामिल होने का आमंत्रण मिला है। इस समारोह में उन्हें पंचायत के उत्कृष्ट कार्यों और विकास योजनाओं के सफल संचालन के लिए सम्मानित किया जाएगा।
मनिअप्पा पंचायत के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि इससे पहले वर्ष 2023 में भी पंचायत के विकास कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया था। उस समय मुखिया मुरारी कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया था। लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने से पंचायत की पहचान और मजबूत हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायत में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। स्वच्छता अभियान, पेयजल व्यवस्था, शिक्षा सुविधाओं के विस्तार और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन ने पंचायत की तस्वीर बदल दी है। यही कारण है कि आज मनिअप्पा पंचायत पूरे जिले में एक आदर्श पंचायत के रूप में देखी जा रही है।
गौरतलब है कि बेगूसराय जिले में कुल 217 पंचायतें हैं, लेकिन मटिहानी प्रखंड की मनिअप्पा पंचायत ने अपने बेहतर कार्यों के दम पर राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार के लिए स्थान बनाया है। इसे जिले के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
