मंगोलिया की राजधानी उलानबटार में आज से शुरू हो रही प्रतिष्ठित उलानबटार ओपन रैंकिंग सीरीज प्रतियोगिता में भारतीय पहलवान अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। चार दिनों तक चलने वाला यह टूर्नामेंट वर्ष 2026 की यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (यूडब्ल्यूडब्ल्यू) रैंकिंग सीरीज का तीसरा चरण है, जिसमें दुनिया के कई शीर्ष पहलवान हिस्सा ले रहे हैं।
भारत ने इस प्रतियोगिता में पुरुष फ्रीस्टाइल, महिला कुश्ती और ग्रीको-रोमन वर्गों में मजबूत टीम उतारी है। भारतीय दल में कई अनुभवी और उभरते हुए पहलवान शामिल हैं, जिनसे देश को बेहतर प्रदर्शन और पदकों की उम्मीद है।
प्रतियोगिता में एशियाई खेलों के लिए क्वालीफाई कर चुके छह भारतीय पहलवान भी अपनी चुनौती पेश करेंगे। महिला वर्ग के 62 किलोग्राम भार वर्ग में मानसी अहलावत और 76 किलोग्राम वर्ग में प्रिया मलिक पर सभी की निगाहें रहेंगी। वहीं पुरुष फ्रीस्टाइल के 86 किलोग्राम वर्ग में मुकुल दहिया भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। ग्रीको-रोमन वर्ग में अमन, सुनील कुमार और नितेश कुमार भारतीय चुनौती को मजबूत बनाएंगे।
महिला कुश्ती में 53 किलोग्राम भार वर्ग में मीनाक्षी गोयत अपनी दावेदारी पेश करेंगी, जबकि पूर्व एशियाई चैंपियन मनीषा भनवाला 57 किलोग्राम वर्ग में उतरेंगी। दोनों पहलवानों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
ग्रीको-रोमन वर्ग में अनुभवी पहलवान सुनील कुमार भारतीय टीम का नेतृत्व करेंगे। 87 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतिस्पर्धा करने वाले सुनील अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई बार अपनी क्षमता साबित कर चुके हैं और इस बार भी उनसे पदक जीतने की उम्मीद की जा रही है।
उलानबटार ओपन रैंकिंग सीरीज भारतीय पहलवानों के लिए न केवल रैंकिंग अंक हासिल करने का महत्वपूर्ण अवसर है, बल्कि आगामी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारियों को परखने का भी एक बड़ा मंच है। भारतीय टीम का लक्ष्य इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व कुश्ती मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराना होगा।
