प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो देशों के दौरे के पहले चरण में फ्रांस के नीस शहर पहुंच गए हैं। फ्रांस और स्लोवाकिया की इस महत्वपूर्ण यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के साथ विभिन्न द्विपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे। फ्रांस पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
नीस के प्रतिष्ठित होटल नेग्रेस्को में आयोजित सामुदायिक स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में भारतीय मूल के लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी का अभिनंदन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने प्रवासी भारतीयों से आत्मीय मुलाकात की और उनके साथ संवाद भी किया। कार्यक्रम में फ्रांस और इटली के कलाकारों द्वारा भारतीय शास्त्रीय नृत्य शैलियों कथक, ओडिसी और भरतनाट्यम की रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं। इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भारत और फ्रांस के बीच मजबूत सांस्कृतिक तथा जन-जन के संबंधों को प्रदर्शित किया।
आज प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों के साथ नीस स्थित पैलेस दे एक्सपोजिशन में ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का संयुक्त उद्घाटन करेंगे। इस आयोजन में भारत के स्टार्टअप और नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र का प्रदर्शन किया जाएगा। लगभग 120 भारतीय स्टार्टअप अपने नवीन उत्पादों और तकनीकी समाधानों को वैश्विक निवेशकों तथा प्रौद्योगिकी क्षेत्र के नेताओं के सामने प्रस्तुत करेंगे।
‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों के बीच विला केरिलोस में द्विपक्षीय वार्ता होगी। इस वर्ष भारत और फ्रांस के संबंधों को विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचाए जाने के बाद दोनों नेताओं की यह पहली औपचारिक बैठक होगी। वार्ता के दौरान रक्षा, प्रौद्योगिकी, व्यापार, नवाचार और निवेश जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा होने की संभावना है। साथ ही दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी अपने विचार साझा करेंगे।
फ्रांस दौरे के बाद प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के दूसरे चरण में स्लोवाकिया रवाना होंगे, जहां वे स्लोवाक नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय बैठकों में हिस्सा लेंगे। इस यात्रा को भारत के यूरोपीय देशों के साथ रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
