बिहार के सीमांचल क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। नेपाल, बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल की खुली सीमाओं से सटे इस संवेदनशील क्षेत्र में अब पूर्णिया में आतंकवाद निरोधी दस्ता (ATS) का एक विशेष सेंटर स्थापित किया जाएगा। राज्य पुलिस मुख्यालय ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, और लक्ष्य रखा गया है कि वर्ष 2026 के शुरुआती तीन महीनों में यह सेंटर हर हाल में संचालन शुरू कर दे।
पूर्णिया में एयरपोर्ट और गैस रिफिलिंग प्लांट खुलने के बाद से ही एटीएस सेंटर की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नया सेंटर राष्ट्रीय खुफिया एजेंसियों—रॉ और आईबी—के साथ तालमेल बनाकर काम करेगा, जिससे सूचना आदान-प्रदान और त्वरित कार्रवाई की क्षमता मजबूत होगी।
पूर्णिया रेंज के डीआईजी प्रमोद कुमार मंडल ने बताया कि नेपाल और बांग्लादेश की सीमाओं से निकटता के कारण यह इलाका अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे में एटीएस कार्यालय का खुलना बेहद जरूरी कदम है, जिससे पुलिस बल के पास किसी भी संभावित आतंकी गतिविधि का तुरंत जवाब देने की क्षमता बढ़ेगी।
डीआईजी मंडल ने कहा, “अब तक किसी बड़ी घटना की स्थिति में टीम को पटना से भेजना पड़ता था, जिससे काफी समय नष्ट होता था। लेकिन एटीएस सेंटर बनने के बाद इस क्षेत्र के लोगों को त्वरित सुरक्षा सहायता मिल सकेगी और समूचे सीमांचल की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।”
