यूनेस्को ने दीपावली को अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर में शामिल किया, पूरे भारत में खुशी की लहर
भारत के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। रोशनी और उत्सव का प्रतीक दीपावली अब वैश्विक स्तर पर भी मान्यता प्राप्त कर चुकी है। यूनेस्को ने दीपावली को अपनी अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर (Intangible Cultural Heritage) सूची में शामिल कर लिया है। इस महत्वपूर्ण घोषणा के बाद पूरे देश में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
पीएम मोदी ने दी बधाई: “दीपावली हमारी सभ्यता की आत्मा है”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि दीपावली का यूनेस्को की सूची में शामिल होना दुनिया भर में इस त्योहार की लोकप्रियता को और बढ़ाएगा।
उन्होंने लिखा—
“दीपावली हमारी संस्कृति और परंपराओं से गहराई से जुड़ी है। यह रोशनी और नेकी का प्रतीक है। प्रभु श्री राम के आदर्श सदैव हमारा मार्गदर्शन करते रहें।”
यूनेस्को ने भी भारत को बधाई देते हुए एक्स पर पोस्ट किया—
“अमूर्त धरोहर की लिस्ट में नया नाम: दीपावली, भारत। बधाई हो!”
विदेश मंत्रालय और एस. जयशंकर ने जताई प्रसन्नता
भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा कि दीपावली को अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर सूची में शामिल किया जाना पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है।
मंत्रालय ने लिखा—
“दीपावली बुराई पर अच्छाई की जीत और भगवान राम के अयोध्या लौटने का प्रतीक है। इसकी वैश्विक पहचान अब और मजबूत होगी।”
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा—
“यूनेस्को द्वारा दीपावली को मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत में शामिल किया जाना इसके सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व को वैश्विक पहचान देता है।”
दिल्ली में भव्य उत्सव की तैयारी
घोषणा से एक दिन पहले दिल्ली के संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया था कि यदि दीपावली को यूनेस्को मान्यता मिलती है तो 10 दिसंबर को दिल्ली सरकार पूरी कैबिनेट के साथ दिल्ली हाट पर दीपावली मनाएगी।
उन्होंने कहा था कि—
- सभी सरकारी इमारतें सजाई जाएंगी
- लाल किले पर दीये जलेंगे
- चौक-चौराहों पर दीपावली बाजार लगेंगे
- लाल किला रोशनी से जगमग होगा
यूनेस्को की आधिकारिक घोषणा के बाद दिल्ली में उत्सव और भी भव्य रूप में आयोजित किए जाने की तैयारी है।
भारत की अन्य सांस्कृतिक पहचानें भी सूची में शामिल
कोलकाता की दुर्गा पूजा पहले ही यूनेस्को की सूची में शामिल है। इसके अलावा भारत सरकार छठ महापर्व को भी अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर सूची में शामिल कराने के लिए काम कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात’ के 126वें एपिसोड में इसकी जानकारी दी थी।
