राष्ट्रीय एलीट पुरुष और महिला बॉक्सिंग चैंपियनशिप की तारीखों में बदलाव किया गया है। प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े सरकारी निर्देशों को देखते हुए इस प्रतियोगिता को अब 4 जनवरी से 10 जनवरी 2026 तक के लिए पुनर्निर्धारित किया गया है। यह घोषणा बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (BFI) ने की है।
यह चैंपियनशिप पहले 31 दिसंबर 2025 से 6 जनवरी 2026 तक ग्रेटर नोएडा स्थित गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाली थी। लेकिन सरकार द्वारा 31 दिसंबर तक लागू प्रदूषण नियंत्रण उपायों के चलते तारीखों में बदलाव करना पड़ा। बीएफआई ने कहा कि प्रतियोगिता अब पहले की तरह उसी स्थान पर आयोजित की जाएगी।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने 19 नवंबर को Commission for Air Quality Management (CAQM) को सलाह दी थी कि दिल्ली-एनसीआर में नवंबर और दिसंबर के दौरान होने वाली ओपन-एयर खेल प्रतियोगिताओं को प्रदूषण के स्तर को देखते हुए सुरक्षित महीनों में स्थगित किया जाए।
इसके साथ ही विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और राष्ट्रीय खेल महासंघों तथा केंद्रीय खेल मंत्रालय से मान्यता प्राप्त खेल संगठनों को भी इस निर्देश का पालन करने के लिए कहा गया था।
प्रदूषण स्तर को ध्यान में रखते हुए लिया गया यह फैसला खिलाड़ियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है।
