मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने परमवीर चक्र से सम्मानित भारतीय वायुसेना के वीर फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों के बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री ने उनके अद्वितीय साहस, वीरता और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए कहा कि उनका बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 14 दिसंबर 1971 को भारत-पाक युद्ध के दौरान फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों ने असाधारण वीरता का परिचय दिया। दुश्मन के छह पाकिस्तानी सेबर जेट विमानों द्वारा किए गए भीषण हमले और भारी गोलाबारी के बीच उन्होंने अपने विमान के साथ उड़ान भरी और दुश्मन के एक सेबर जेट को मार गिराया, जबकि दूसरे विमान को गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अत्यंत प्रतिकूल परिस्थितियों में भी फ्लाइंग ऑफिसर सेखों अंतिम सांस तक अदम्य साहस के साथ मातृभूमि की रक्षा में डटे रहे। उनका सर्वोच्च बलिदान भारतीय सशस्त्र बलों की शौर्य परंपरा और देश की सुरक्षा के प्रति अटूट संकल्प का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि परमवीर चक्र विजेता निर्मलजीत सिंह सेखों का जीवन आने वाली पीढ़ियों को देश के लिए समर्पण, कर्तव्य और बलिदान का मार्ग दिखाता रहेगा।
