पंजाब के जालंधर स्थित ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में खेली जा रही 9वीं हीरो एशियाई हॉकी चैंपियनशिप अपने आधे सफर को पार कर अंतिम चरण में प्रवेश कर चुकी है। प्रत्येक टीम अपने तीन-तीन लीग मैच खेल चुकी है। शेष दो मैच आज और कल जालंधर स्टेडियम में खेले जाएंगे, जिसके बाद मुकाबले सेमीफाइनल और फाइनल के लिए मोहाली शिफ्ट होंगे।
लगातार तीन मैच जीतकर भारत और मलेशिया पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं। आकाशवाणी के जालंधर संवाददाता के अनुसार, सर्वाधिक 22 गोल करने के कारण भारत अंक तालिका में शीर्ष पर है, जबकि 14 गोल करने वाली मलेशिया दूसरे स्थान पर है। जापान दो जीत के साथ तीसरे स्थान पर और एक जीत के साथ दक्षिण कोरिया चौथे स्थान पर है। चीन और बांग्लादेश अभी अपना खाता नहीं खोल पाए हैं।
कुल छह भाग लेने वाली टीमों में से शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी, जबकि लीग चरण में पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाली टीमें पांचवें स्थान के लिए मुकाबला करेंगी। सभी नॉकआउट चरण के मैच 4 और 5 नवंबर को मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर स्टेडियम में खेले जाएंगे।
कल के विश्राम के बाद, आज भारत का मुकाबला मलेशिया से होगा, दक्षिण कोरिया का सामना बांग्लादेश से होगा, जबकि चीन की टीम जापान के खिलाफ अपनी किस्मत आजमाएगी।
