देश का सकल वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह इस साल अक्टूबर में सालाना आधार पर लगभग 23 प्रतिशत बढ़कर 2,31,000 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। मजबूत घरेलू आर्थिक गतिविधियों और आयात से मिलने वाले कर राजस्व में आई तेज वृद्धि के कारण यह उछाल आया है। आज जारी किए गए अनंतिम सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में घरेलू बिक्री से सकल जीएसटी राजस्व सालाना आधार पर 15.8 प्रतिशत बढ़कर 1.59 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया, जबकि आयात से प्राप्त राजस्व 42.2 प्रतिशत उछलकर 72,246 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
सकल जीएसटी राजस्व संग्रह में 42,935 करोड़ रुपये का केंद्रीय जीएसटी (सीजीएसटी), 51,340 करोड़ रुपये का राज्य जीएसटी (एसजीएसटी) और 1 लाख 37 हजार 15 करोड़ रुपये का एकीकृत जीएसटी (आईजीएसटी) शामिल है।
पिछले महीने वस्तु एवं सेवा कर रिफंड सालाना आधार पर 6.5 प्रतिशत बढ़कर 27,934 करोड़ रुपये हो गया। रिफंड को समायोजित करने के बाद, पिछले साल की समान अवधि के 1.61 लाख करोड़ रुपये से अधिक की तुलना में, इस साल अक्टूबर में शुद्ध जीएसटी राजस्व 25.6 प्रतिशत बढ़कर 2.03 लाख करोड़ रुपये हो गया।
