भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI 2026) के 57वें संस्करण की शुरुआत आज शाम गोवा में एक भव्य उद्घाटन समारोह के साथ होने जा रही है। नौ दिनों तक चलने वाले इस सिनेमाई उत्सव का उद्घाटन गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और महोत्सव के निदेशक एवं प्रसिद्ध फिल्म निर्माता आशुतोष गोवारिकर करेंगे। इस आयोजन में सिनेमा प्रेमी, फिल्म निर्माता, कलाकार और अभिनेता एक मंच पर जुटकर सिनेमा के जादू का जश्न मनाएंगे।
इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स’ (सीमाओं से परे कहानियां) रखी गई है, जो गोवा के तट पर दुनिया भर की विविध सिनेमाई कहानियों के संगम को बखूबी दर्शाती है। महोत्सव के पहले दिन आज पोलिश फिल्म निर्माता पावेल पावलिकोव्स्की द्वारा निर्देशित ओपनिंग फिल्म ‘फादरलैंड’ का प्रदर्शन सभी प्रमुख स्थलों पर किया जाएगा।
महोत्सव की थीम के अनुरूप पूरे गोवा को रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से दुल्हन की तरह सजाया गया है। IFFI 2026 में 86 देशों की 150 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा, जो दर्शकों को बेहतरीन कहानियों, उभरती प्रतिभाओं और दिग्गज फिल्मकारों के काम से रूबरू कराने का वादा करता है।
फिल्मों की स्क्रीनिंग के साथ-साथ यह मंच विश्व सिनेमा के बदलते परिदृश्य पर सार्थक संवाद, मास्टरक्लास और इंडस्ट्री के दिग्गजों के साथ चर्चा का अवसर भी प्रदान करेगा। महोत्सव के मुख्य आकर्षणों में ओपनिंग फिल्म ‘फादरलैंड’ के अलावा सिंगापुर के फिल्म निर्माता एंथनी चेन की क्लोजिंग फिल्म ‘वी आर ऑल स्ट्रेंजर्स’ भी शामिल है।
इसके अतिरिक्त, एनीमेशन और फिल्म निर्माण पर आधारित विशेष खंड, कार्यशालाएं, प्रतियोगिताएं और ‘वेव्स फिल्म बाजार’ (WAVES Film Bazaar) इस आयोजन को और खास बनाएंगे। IFFI 2026 का मुख्य उद्देश्य वैश्विक फिल्म उद्योग के साथ भारत की भागीदारी को मजबूत करना और सिनेमा की विविधता का सम्मान करना है। यह महोत्सव न केवल फिल्मों का उत्सव है, बल्कि भौगोलिक और भाषाई सीमाओं से परे संस्कृतियों और रचनात्मक विचारों के आदान-प्रदान का एक सशक्त माध्यम भी बनेगा।
